आज का इतिहास: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के झंडे को महात्मा गांधी ने किया था स्वीकृत और संशोधित, जानिए 31 मई की महत्वपूर्ण घटनाएं


आज का इतिहास: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के झंडे को महात्मा गांधी ने किया था स्वीकृत और संशोधित, जानिए 31 मई की महत्वपूर्ण घटनाएं



 नई दिल्ली:  आज का दिन साल के पांचवें महीने का अंतिम दिन है। आज के दिन का इतिहास बहुत सी महत्वपूर्ण  घटनाओं पर आधारित है।  बता दें कि आज ही के दिन यानी 31 मई को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के झंडे को स्वीकृत किया गया था। महात्मा गांधी ने 1921 में 31 मई के दिन भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के ध्वज  को स्वीकृत और संशोधित किया था। यह मूल रूप से आंध्र प्रदेश के एक व्यक्ति द्वारा डिजाइन किया गया था।

इसके अलावा सन् 2006 में अमेरिकी वायुसेना के पूर्व जनरल मिशेल हैडेन को अमेरिकी खुफिया एजेंसी (सीआईए) का निदेशक नियुक्त किया गया। अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख मुहम्मद अलबरदेई ने स्पष्ट किया कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम से दुनिया को कोई ख़तरा नहीं।

साथ ही 2010 में भारत में मान्यता प्राप्त हर प्राइवेट स्कूल में ग़रीब बच्चों के लिए 25 फ़ीसदी सीटें आरक्षित करने का क़ानून बनाया गया था। सन् 1935 में पाकिस्तान के क्वेटा शहर में भीषण भूकंप से 50 हजार से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। वहीं हर साल 31 मई को ‘विश्व तंबाकू निषेध दिवस’ मनाया जाता है। इस खास दिन पर तंबाकू के खतरे के बारे में दुनियाभर में जागरूकता फैलाई जाती है।

दरअसल विश्व स्वास्थ्य संगठन वैश्विक तंबाकू संकट और महामारी से होने वाली बीमारियों और मौतों के बढ़ते मामलों को देखते हुए साल 1987 में पहला ‘विश्व तंबाकू निषेध दिवस’ बनाया गया था। 1987 में विश्व स्वास्थ्य सभा ने संकल्प WHA40.38 पारित किया, जिसमें 7 अप्रैल को “विश्व धूम्रपान निषेध दिवस” मनाने का प्रस्ताव रखा गया. इसके बाद 1988 में संकल्प WHA42.19 पारित किया गया, जिसमें 31 मई को ‘विश्व तंबाकू निषेध दिवस’ के रूप में जारी किया गया। तब से आज तक इस दिन दुनिया भर में तंबाकू और इसके सेवन के घातक परिणामों के प्रति लोगों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

देश-दुनिया के इतिहास  की कुछ महत्वपूर्ण घटनाएं:-

1577: मुगल सम्राट जहांगीर की पत्नी नूरजहां का जन्म।

1727: फ्रांस, ब्रिटेन और नीदरलैंड ने पेरिस संधि पर हस्ताक्षर किए।

1759: अमेरिका के उत्तर पूर्वी प्रांत पेंसिलवेनिया में थियेटर के सभी कार्यक्रमों पर प्रतिबंध लगाया गया।

1878: जर्मनी का युद्धपोत एसएमएस ग्रोसर करफर्स्ट के डूबने से 284 लोगों की मौत।

1889: अमेरिका के पेंसिलवेनिया स्थित जांसटाउन में भीषण बाढ़ से 2200 से अधिक लोगों की मौत।

1900: लार्ड राबर्टस के नेतृत्व में ब्रिटिश सैनिकों ने जोहान्सबर्ग पर कब्जा किया।

1907: अमेरिका के न्यूयार्क शहर में पहली टैक्सी सेवा शुरू।

1921: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के झंडे को अंगीकार किया गया।

1935: पाकिस्तान के क्वेटा शहर में भीषण भूकंप से 50 हजार से अधिक लोगों की मौत।

1959: बौद्ध धर्म गुरु दलाई लामा को तिब्बत से निर्वासन के बाद भारत में शरण दी गई।

1964 - बंबई में इलेक्ट्रिक ट्राम अंतिम बार चली।

1966: दक्षिणी वियतनाम के शासन के विरोध में ह्यू शहर में वियतनाम की बौद्ध युवती ने खुद को आग लगाकर जान दे दी। आग की लपटों से घिरी युवती की तस्वीर ने दुनियाभर में तहलका मचा दिया।

1977: भारतीय सेना के एक दल ने पहली बार विश्व के तीसरे सबसे ऊंचे पर्वत शिखर कंचनजंगा पर चढ़ाई की।

2008: विश्व के सबसे तेज धावक उसैन बोल्ट ने 100 मीटर दौड़ 9.72 सेकंड में पूरी कर विश्व रिकॉर्ड बनाया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ